हरदोई: अमेज़न लिंक से $2 लाख का साइबर फ्रॉड, खाते से उड़ गई रकम, कस्बे में दहशत
हरदोई जनपद के शाहाबाद कस्बे में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक युवक के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने
RS- 2,00,000 की रकम पार कर दी। घटना के बाद पूरे कस्बे में साइबर फ्रॉड को लेकर भय और चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद कस्बा निवासी हर्षवर्धन त्रिवेदी के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक भेजा गया, जो देखने में अमेज़न कंपनी का बताया जा रहा था। लिंक में ऑफर और कैशबैक का लालच दिया गया था। जैसे ही हर्षवर्धन त्रिवेदी ने उस लिंक पर क्लिक कर ऐप डाउनलोड किया, कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से ₹2 लाख रुपये निकल गए।
मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज आते ही पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही साइबर क्राइम टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और खाते की डिटेल तथा ट्रांजेक्शन ट्रेस किए जा रहे हैं।
पीड़ित हर्षवर्धन त्रिवेदी ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर अमेज़न का लिंक भेजा गया था, जिसे असली समझकर डाउनलोड कर लिया। ऐप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल की कुछ परमिशन मांगी गईं, जिन्हें अनुमति देने के बाद उनके बैंक खाते से पैसे निकल गए।
इस घटना के बाद शाहाबाद कस्बे में लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अब अनजान लिंक और ऐप डाउनलोड करने से डर रहे हैं। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी ऐप को डाउनलोड करें।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि:
व्हाट्सएप या मैसेज पर आए अनजान लिंक पर क्लिक न करें
किसी भी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें
बैंक डिटेल, OTP, PIN किसी से साझा न करें
ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें
cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें
पुलिस का कहना है कि समय रहते सूचना देने पर कई बार पैसा होल्ड कराया जा सकता है, इसलिए ठगी का पता चलते ही तुरंत शिकायत करें।









