मिश्रिख-नैमिषारण्य में भाजपा की सीमा को 6512 मत मिले
- नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के उप चुनाव को लेकर मतगणना के दौरान गहमा गहमी
- समाजवादी पार्टी ने लगाया धांधली का आरोप
सीतापुर : मिश्रिख-नैमिषारण्य नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में यहां भाजपा को सफलता मिली है। यहां से भाजपा प्रत्याशी सीमा भार्गव ने 2947 मतों से सपा प्रत्याशी राम देवी को शिकस्त दी है। महमूदाबाद में निर्दल प्रत्याशी अतुल वर्मा ने पहले चरण में बड़ी बढ़त ले ली। वह सपा प्रत्याशी से आगे चल रहे हैं।
मिश्रिख-नैमिषारण्य में भाजपा की सीमा को 6512 और रामदेवी को 3365 मत मिले। इसके अलावा निर्दलीय आकांक्षा वर्मा को 56, रामकली को 19, सुमन देवी को 447 मत मिले, जबकि छह मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। मिश्रिख और महमूदाबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मतगणना बुधवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। महमूदाबाद में निर्दल प्रत्याशी अतुल वर्मा ने पहले चरण में बड़ी बढ़त ले थी। वह सपा प्रत्याशी से 2362 मतों से आगे चल रहे हैं।
अतुल को 4379, सपा प्रत्याशी आमिर अराफात को 2017, निर्दल अम्बरीश गुप्ता को 1914, भाजपा प्रत्याशी संजय वर्मा को 725 और निर्दल नदीम अहमद को 233 मत मिले हैं। मिश्रिख में पांच और महमूदाबाद में दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मिश्रिख में तीन और महमूदाबाद में चार चरणों में मतों की गिनती पूरी होगी।
सपा ने लगाया धांधली का आरोप
समाजवादी पार्टी ने मिश्रिख में सत्ता के इशारे पर प्रशासन पर मतगणना में धांधली करने का आरोप लगाया है। फेसबुक पेज पर की गई पोस्ट में लिखा गया है कि मिश्रिख-नैमिषारण्य नगर पालिका उपचुनाव में मतगणना स्थल पर जिलाधिकारी मौजूद हैं। पहले चरण में ही सपा प्रत्याशी द्वारा प्राप्त मतों में 384 मत कम कर दिए गए हैं और भाजपा प्रत्याशी द्वारा प्राप्त मतों में 344 मत बढ़ा दिए गए हैं। इसमें चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की मांग की गई है।