लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि, जिस तरह प्रदेश के माफिया की कमर तोड़ी है-उसी तरह अब शिक्षा माफिया की कमर भी टूटेगी। रिटायर्ड डीजीपी को आयोग में बिठाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “दंगा क्या होता है, बरेली के मौलाना से पूछ लो।’ कोई भी अपराधी, माफिया और जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाला नहीं बचेगा। सनद रहे कि इसी साल सितंबर में बरेली में आई लव मुहम्मद प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया था। ये प्रोटेस्ट आईएमसी के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर हुआ था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव के बाद हालात बिगड़ गए थे।
इस प्रकरण में मौलाना तौकीर रजा समेत करीब 40 से ज्यादा आरोपी जेल में हैं और उनके समर्थकों पर बुलडोजर कार्रवाई चल रही है। मुख्यमंत्री ने उसी प्रकरण का जिक्र सदन में किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि, अभी आप लोगों को 2047 तक इंतजार करना होगा. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के वातावरण में यूपी का परसेप्शन बदल रहा है। महिला और व्यापारियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी विपक्ष की हो या फिर सत्तापक्ष की, उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। इसी तरह व्यापारियों को भी पूरी सुरक्षा रहेगी। सरकारी जमीनें कब्जाने वालों पर बुलडोजर चलेगा। कोई छांगुर अब जमीन कब्जा नहीं कर पाएगा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि, यह सरकार की इच्छाशक्ति होती है। वर्ष 2017 से पहले यूपी के सामने पहचान का संकट था, लेकिन वही यूपी अब देश में पहचान स्थापित किए है। उन्होंने कहा कि, सम्मान तब मिलता है जब दुनिया कहती है यूपी अच्छा कर रहा है।
शिक्षा सेवा आयोग पर क्या बोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सेवा आयोग में क्या-क्या कारनामे हुए थे। हाईस्कूल और इंटर में थर्ड डिविजन वाले व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बन गया था, और वह क्या-क्या कर रहे थे-सबको पता है। बिना घूस के कोई नौकरी नहीं मिलती थी। शिवपाल यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, शिवपाल जी तो भर्ती मास्टर रहे हैं। लेकिन आज यूपी का युवा पारदर्शी तरीके से नौकरी पा रहा है, इसलिए हमने शिक्षा सेवा चयन आयोग में रिटायर्ड डीजीपी काके बिठा है। हमने कहा कि पुलिस के जरिये बदमाशों की कमर तोड़ी है और अब शिक्षा विभाग ठीक कीजिए।
“यूपी को बीमारू राज्य के कलंक से मुक्त कराया”: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करके प्रदेश को बीमारू राज्यों की सूची से बाहर निकाला है। आज निवेशक उत्तर प्रदेश में आने को आतुर हैं।”
उन्होंने कहा कि आज व्यापारियों से गुंडा टैक्स नहीं वसूला जाता। अगर कोई गुंडा किसी बेटी-बहन से छेड़छाड़ करता है, तो उसे पता है कि यमराज का बुलावा जल्द ही आ जाएगा। सीएम योगी ने आगे कहा कि “हमारी सरकार के आर्थिक सुधारों और मजबूत कानून-व्यवस्था की वजह से ही आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।”










