बुलंदशहर जिले के नेशनल हाईवे-34 पर श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इनमें एक बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं।
रिपोर्ट विवेक-
Road Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 43 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा रविवार देर रात करीब 2:10 बजे अरनिया थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-34 पर घटाल गांव के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु कासगंज जिले के रफातपुर गांव से राजस्थान के गोगामेड़ी स्थित जाहरबीर (गोगाजी) के दर्शन के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली को डबल डेकर बनाकर 61 लोग सवार थे। हादसे के वक्त ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे कई लोग नीचे दब गए।
एसएसपी ने जानकारी दी:
हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
45 लोग घायल, जिनमें से 3 की हालत गंभीर।
10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज,
10 जिला अस्पताल और
23 अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मौके से टैंकर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसएसपी ने कहा कि “हमारी प्राथमिकता घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना है।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की।
मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की सहायता
घायलों को ₹50,000 की सहायता
सभी घायलों का मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाई जाए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?
मौजूद लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रॉली सवार श्रद्धालु सड़क पर बिखर गए। पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।